तीज पर बिहार पहुंचेगीं प्रियंका गांधी, महिला वोटरों पर साधेंगी निशाना

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एसआईआर मुद्दे को लेकर कांग्रेस-आरजेडी समेत पूरा विपक्ष ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाल रहा है। 17 अगस्त से शुरू हुई इस यात्रा में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। अब इस अभियान को गति देने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मैदान में उतरने वाली हैं।

प्रियंका गांधी का बिहार दौरा 26 और 27 अगस्त को तय है। 26 अगस्त को वह सुपौल जिले में यात्रा में शामिल होंगी और रात को वहीं विश्राम करेंगी। अगले दिन वह सीतामढ़ी पहुंचेंगी और जानकी मंदिर में पूजा अर्चना करेंगी। माना जा रहा है कि इन दो दिनों में प्रियंका गांधी खास तौर पर महिला वोटरों को साधने की कोशिश करेंगी।

दिलचस्प बात यह है कि 26 अगस्त को ही हरतालिका तीज व्रत है। बिहार में सुहागिन महिलाएं यह व्रत अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए करती हैं। ऐसे मौके पर प्रियंका गांधी का महिलाओं से जुड़ना, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कोर वोट बैंक पर सेंध लगाने की रणनीति मानी जा रही है। प्रियंका गांधी का यह दौरा ऐसे इलाकों में होगा, जिन्हें एनडीए का गढ़ माना जाता है। कांग्रेस की कोशिश है कि जिस तरह लोकसभा चुनाव में शाहाबाद में एनडीए को झटका लगा था, उसी तरह उत्तर बिहार में भी चुनावी समीकरण बदले जाएं।

हालांकि विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन प्रियंका गांधी की यह दो दिवसीय सक्रियता कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन की चुनावी रणनीति में बड़ा संदेश मानी जा रही है। चुनाव में इस कदम का असर कितना होगा, यह तो वक्त बताएगा, मगर कांग्रेस किसी भी मौके को हाथ से जाने नहीं देना चाहती।

– प्रियांशु अमन

Leave a Comment