बिहारवासियों के लिए बड़ी सौगात: दिवाली-छठ पर चलेगी नई वंदे भारत, चार अमृत भारत एक्सप्रेस और 12 हजार से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें

दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों पर बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष इंतज़ाम किए हैं। चुनावी माहौल के बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऐलान किया कि बिहार को एक नई वंदे भारत ट्रेन और चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात मिलेगी।

इसके साथ ही त्योहारों पर दूसरे राज्यों से बिहार आने-जाने वाले लोगों के लिए 12 हजार से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। पटना में एक रिंग रेलवे नेटवर्क भी विकसित किया जाएगा। यह घोषणा रेल मंत्री ने नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की।

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि दीपावली और छठ के समय बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को बहुत परेशानी उठानी पड़ती थी। लेकिन रेलवे की इस पहल से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह बिहारवासियों के लिए एक ऐतिहासिक सौगात है।

रेलवे का दावा है कि इस बार त्योहारों के मौसम में यात्रियों को भीड़-भाड़ से मुक्त, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव मिलेगा। इन नई परियोजनाओं से न केवल आम यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी बल्कि व्यापार, पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

– प्रियांशु अमन

Leave a Comment