प्रयागराज में फिर आ सकती है बाढ़ ?

हाल ही में गंगा-यमुना के जलस्तर में कमी आने के बाद प्रयागराज में जनजीवन सामान्य होने लगा था और लोग बाढ़ राहत शिविरों से घर लौट रहे थे। लेकिन अब एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। पिछले तीन दिनों से उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में हो रही भारी बारिश के कारण पहाड़ी नदियां उफान पर हैं। इन नदियों का पानी गंगा और यमुना में मिल रहा है, जिससे दोनों नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी की आशंका है। उत्तराखंड में बादल फटने से कई इलाकों में हालात गंभीर हो गए हैं। पहाड़ी नदियां रामगंगा और खो में पानी का स्तर काफी बढ़ गया है, जो सीधे गंगा में जा रहा है। वर्तमान में गंगा में लगभग चार लाख क्यूसेक पानी बह रहा है, जबकि कानपुर बैराज से सोमवार रात करीब सवा तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। उधर, मध्य प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से केन नदी भी उफान पर है और इसका पानी यमुना में मिल रहा है। अगर बारिश का दौर जारी रहा, तो आने वाले दिनों में प्रयागराज में फिर से बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

– प्रियांशु अमन

Leave a Comment